


जयपुर में कांग्रेस नेता के घर लूट, नेपाली नौकर ने चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर दिया वारदात को अंजाम
जयपुर। वैशाली नगर थाना क्षेत्र के आनंद नगर में बुधवार सुबह एक हैरान करने वाली घटना सामने आई। कांग्रेस नेता संदीप चौधरी के घर नेपाली गैंग ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। मुख्य आरोपी एक नेपाली पति-पत्नी हैं, जिन्हें खाना बनाने के लिए परिवार ने करीब 10 दिन पहले ही रखा था।
घटना सुबह करीब 7:30 बजे की है। आरोपी नौकर दंपती ने नेता की मां कृष्णा देवी (75) और पत्नी ममता (43) को चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। बेहोशी की हालत में पहुंचने के बाद उन्होंने दो अन्य साथियों को घर बुलाया और घर में लूटपाट की। इसके बाद चारों आरोपी मौके से फरार हो गए।
राजश्री ने देखी मां और दादी की हालत
- Advertisement -
कांग्रेस नेता संदीप चौधरी ने सुबह 7:30 बजे पहले अपनी मां और फिर पत्नी को फोन किया, लेकिन दोनों ने कॉल रिसीव नहीं किया। इसके बाद उन्होंने अपनी बेटी राजश्री (22) को फोन किया। राजश्री ने जब कमरे में देखा तो मां और दादी बेहोश पड़ी थीं। तुरंत संदीप ने पास में रहने वाले अपने भांजे को कॉल किया, जिसने अपने पिता को घर भेजा। दोनों महिलाओं को गंभीर हालत में मेट्रो मास हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है।
घर में मौजूद था नेता का बेटा भी

घटना के समय नेता का 13 वर्षीय बेटा राजदीप भी घर पर ही था। गनीमत रही कि उसे कुछ नहीं हुआ। पुलिस के अनुसार नेपाली दंपती — काजल और भरत — वारदात के बाद दो अन्य लड़कों के साथ फरार हो गए। जयपुर शहर में आरोपियों की तलाश में नाकाबंदी कर दी गई है।
राजनीतिक पृष्ठभूमि
संदीप चौधरी राजस्थान सरकार में बंजर भूमि विकास बोर्ड के अध्यक्ष रह चुके हैं और कांग्रेस के सक्रिय नेता हैं। वारदात ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस कर रही है जांच
पुलिस ने घर से फिंगरप्रिंट और CCTV फुटेज जुटाए हैं। वारदात में शामिल चारों आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का मानना है कि यह एक पूर्व नियोजित और सोची-समझी साजिश थी।