


बीकानेर। बीकानेर के बीछवाल थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई है। आरोपी युवक ने पीड़िता को बहलाकर एक पुलिस क्वार्टर में ले जाकर उसके साथ यह जघन्य अपराध किया।
घटना 30 अप्रैल की रात को हुई। आरोपी मासूम जाट ने 14 वर्षीय पीड़िता को गांधी कॉलोनी स्थित एक पुलिस क्वार्टर में ले जाकर दुष्कर्म किया। घटना के बाद पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
मुक्ताप्रसाद थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में पता चला कि यह क्वार्टर बज्जू थाने के एक कांस्टेबल का है। कांस्टेबल का बेटा आरोपी का मित्र है और उसने झुंझुनूं जाते समय क्वार्टर की चाबी आरोपी को सौंप दी थी।

पुलिस ने मामले में दुष्कर्म का केस दर्ज किया है। जांच अधिकारी सीओ सिटी श्रवण दास संत के नेतृत्व में टीम इस मामले की छानबीन कर रही है। आरोपी राजगढ़ का निवासी है और बीकानेर में रहकर फ्लिपकार्ट में डिलीवरी बॉय का काम करता था।