


बीकानेर के बीछवाल थाना क्षेत्र में हाल ही में 1 करोड़ 43 लाख रुपये की लूट की वारदात हुई थी। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई, जिसने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है।
भाजपा नेता राजकुमार किराड़ू ने “वार्ड पार्षद बीकानेर” नामक फेसबुक आईडी के खिलाफ नयाशहर थाना में लिखित शिकायत दी है। किराड़ू का आरोप है कि इस सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से बीकानेर पश्चिम के विधायक जेठानंद व्यास की छवि को जानबूझकर खराब करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की भ्रामक और आपत्तिजनक पोस्ट्स जनप्रतिनिधियों की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने का प्रयास हैं और इससे समाज में गलत संदेश जाता है।
किराड़ू ने मांग की कि उक्त फेसबुक आईडी की जांच की जाए और जिसने यह पोस्ट की है, उसे गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रकार की फर्जी आईडी के माध्यम से समाज में भ्रम और असंतोष फैलाने की साजिश रची जा रही है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
इस संबंध में नयाशहर थाना अधिकारी विक्रम तिवाड़ी ने बताया कि भाजपा नेता की शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जा रही है।
- Advertisement -

राजकुमार किराड़ू ने प्रशासन से यह भी आग्रह किया कि फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट्स की व्यापक जांच कर, दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही उन्होंने सभी आपत्तिजनक पोस्ट्स को प्लेटफॉर्म से हटाने की भी मांग की है।
इस मौके पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं का समर्थन भी देखने को मिला। राजा किराड़ू, हर्षवर्धन जोशी, प्रकाश व्यास, सरजू नारायण पुरोहित, गिरधर जोशी, विजय सिंह सिकराली, जितेन्द्र पारीक, त्रिलोक नारायण पुरोहित, वीरेंद्र जोशी, राम चंद्र खिलेरी, भिया राम जोशी, ललित व्यास और किशन किराड़ू उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर इस कृत्य की निंदा की और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।