


आखिरकार प्रशासन ने कीर्ति चक्र से सम्मानित वीर शहीद मेजर जेम्स थॉमस की प्रतिमा स्थापित करने के लिए स्थान स्वीकृत कर दिया है। जिला प्रशासन ने सर्किट हाउस के सामने स्थित पार्क में प्रतिमा लगाने की अनुमति दी है।
शहीद के परिजन और बीकानेर के नागरिक लंबे समय से इस मांग को उठा रहे थे, जिसके बाद यह निर्णय लिया गया। जागरूक नागरिकों ने प्रशासन की अनदेखी पर 23 मार्च, शहीद दिवस के दिन प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा की थी, जिसके चलते जनजागरण अभियान भी चलाया गया।

स्थान स्वीकृत होने पर शुक्रवार रात सर्किट हाउस के सामने नागरिकों ने पटाखे छोड़कर खुशी मनाई। अधिवक्ता गोवर्धन सिंह ने कहा कि 19 वर्षों के संघर्ष और जनदबाव के बाद प्रशासन ने यह फैसला लिया है, जिसके लिए वे जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हैं।