दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) ने भाजपा पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए बुधवार को जगह-जगह प्रदर्शन किया। पार्टी का कहना है कि भाजपा ने चुनाव के दौरान महिलाओं को ₹2500 प्रति माह और होली पर मुफ्त गैस सिलेंडर देने का वादा किया था, लेकिन अब तक यह वादे पूरे नहीं हुए।
दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और कालकाजी विधायक आतिशी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “मोदी जी की गारंटी जुमला साबित हो रही है। जब आप नेता जनता से किए गए वादों की याद दिला रहे हैं, तो उन्हें पुलिस द्वारा जबरन गिरफ्तार किया जा रहा है।”
आईटीओ पर प्रदर्शन के दौरान कई आप नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इनमें पूर्व विधायक ऋतुराज गोविंद भी शामिल थे, जिनकी पुलिस के साथ तीखी बहस हुई।
आप कार्यकर्ताओं ने चांदनी चौक, विकासपुरी, सदर बाजार, मोतीनगर, मंडी हाउस, द्वारका, और अन्य स्थानों पर प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से होली पर मुफ्त सिलेंडर देने की मांग की।
- Advertisement -
यह प्रदर्शन भाजपा के खिलाफ आप के लगातार विरोध का हिस्सा है, जो दिल्ली में सत्ता परिवर्तन के बाद से जारी है। पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी, जिससे तनावपूर्ण माहौल बना रहा।