


जयपुर। राजस्थान में हॉस्टल वॉर्डन की भर्ती प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया गया है। जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने विधानसभा में घोषणा की कि छात्रावासों के लिए नया कैडर बनाया जा रहा है, जिससे अब वॉर्डन की नियुक्ति सीधी भर्ती से होगी। पहले शिक्षा विभाग से प्रतिनियुक्ति पर शिक्षकों को वॉर्डन के रूप में नियुक्त किया जाता था। नए नियम लागू होने के बाद 470 पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी।
इसके साथ ही बांसवाड़ा खेल स्टेडियम में तरणताल का कार्य 90% पूरा हो चुका है, जिसे जल्द ही क्रीड़ा परिषद को सौंपा जाएगा। मंत्री ने बताया कि तरणताल के निर्माण के लिए 9 सितम्बर 2021 को स्वीकृति दी गई थी और इसके लिए 5.76 लाख रुपए स्वीकृत किए गए थे।
उन्होंने यह भी बताया कि वर्तमान में विभाग द्वारा कुल 437 आश्रम छात्रावासों में 511 कार्मिक, 23 आवासीय विद्यालयों में 261, और अन्य छात्रावासों में कार्मिक कार्यरत हैं। यह सभी कार्मिक शिक्षा विभाग से प्रतिनियुक्ति पर हैं।

मंत्री ने कहा कि जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग के छात्रावास अधीक्षक (महिला और पुरुष) ग्रेड-द्वितीय के पदों को कार्मिक विभाग की अधिसूचना 31 जनवरी 2022 से सेवा नियमों में शामिल किया गया है। इसके अलावा, 16 जनवरी 2025 से राजस्थान अधीनस्थ एवं मंत्रालयिक सेवा नियम, 2022 में भी इन पदों को शामिल किया गया है।