


राजस्थान में ठंड बढ़ने की संभावना: 5-8 मार्च तक कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अपडेट के अनुसार, उत्तरी हवाओं के प्रभाव से राजस्थान में आज से फिर ठंड बढ़ने की संभावना है। मार्च के पहले सप्ताह में ठंड, बारिश और गर्मी के विभिन्न रूप देखने को मिल रहे हैं। उत्तरी भारत से चलने वाली ठंडी हवाओं के प्रभाव से राज्य के अधिकांश भागों में 4-5 मार्च को न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री गिरावट होगी। वहीं 7-8 मार्च से तापमान में फिर से बढ़ोतरी देखने को मिलेगी और दिन और रात का पारा चार डिग्री तक बढ़ सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी एक सप्ताह तक राजस्थान में मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा।
न्यूनतम तापमान संगरिया में दर्ज
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, बीते 24 घंटे में सबसे अधिक तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस चित्तौड़गढ़ जिले में दर्ज हुआ, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान संगरिया में 10.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
- Advertisement -
जयपुर में आज ठंडी हवाएं

जयपुर में सोमवार को दिनभर आसमान साफ रहा और धूप निकली। अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। आज मंगलवार को सुबह 9 बजे जयपुर का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ठंडी हवाओं के कारण जयपुर का आज अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
राजस्थान में मौसम साफ रहने का अलर्ट
जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, राज्य में 7-8 मार्च तक मौसम साफ रहने और तापमान में उतार-चढ़ाव होने की संभावना है। 5-6 मार्च को न्यूनतम तापमान में गिरावट और दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है।