


हिरण शिकार का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। बीकानेर पुलिस अलर्ट मोड पर है और आला अधिकारी पल-पल की अपडेट ले रहे हैं। मामला बज्जू से जुड़ा है, जहां पंजाब से आए शिकारियों ने हिरण को गोली मार दी थी। इसके बाद से बज्जू में आक्रोश है। आज सुबह से ही ग्रामीणों ने थाने को घेर रखा है और इस घटना के विरोध में बज्जू का बाजार भी बंद है।
जानकारी के अनुसार, ग्रामीण शिकारियों की सरेआम परेड की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों ने थाने के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान कुछ लोगों ने थाने के साइन बोर्ड के साथ तोड़फोड़ का प्रयास किया और पत्थर भी फेंके, जिससे तनाव बढ़ गया है। पुलिस भी लगातार मामले पर नजर बनाए हुए है।

बता दें कि कल पंजाब से आए कुछ शिकारियों ने हिरण को गोली मार दी थी। इसके बाद ग्रामीणों और पुलिस ने शिकारियों का कई किलोमीटर तक पीछा किया और उन्हें पकड़ा। शिकारियों के पास से अवैध हथियार भी मिले थे।