


बीकानेर के पूर्व राजपरिवार में संपत्ति विवाद बढ़ता जा रहा है। भाजपा विधायक सिद्धि कुमारी समेत चार लोगों को जिला एवं सेशन कोर्ट से अवमानना नोटिस जारी किया गया है। कोर्ट ने पूर्व महाराजा करणी सिंह की वसीयत के आधार पर संपत्तियों की सूची तैयार कर पेश करने का आदेश दिया था, जिसके लिए त्रिलोचन शर्मा को मौका कमिश्नर नियुक्त किया गया था।
जनवरी में जब मौका कमिश्नर शिव विलास पहुंचे, तो वहां के गार्ड ने उन्हें अंदर जाने से रोक दिया। इसके बाद कोर्ट ने पुलिस की सहायता से संपत्ति की सूची तैयार करने का आदेश दिया। हालांकि, शिव विलास के कुछ कमरों तक ही पहुंचने की अनुमति मिली, जिससे पूरी संपत्ति की सूची नहीं बन पाई।

सूत्रों के अनुसार, विधायक सिद्धि कुमारी और उनकी बुआ राज्यश्री कुमारी (अंतरराष्ट्रीय शूटर) के बीच संपत्ति विवाद को लेकर 21 नवंबर 2024 को सुनवाई हुई थी। दोनों पक्षों की सहमति से कोर्ट ने त्रिलोचन शर्मा को मौका कमिश्नर नियुक्त किया था और संपत्तियों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया था।