फिल्म ‘छावा’ को लेकर हाल ही में विवाद उठ खड़ा हुआ था। विक्की कौशल और रश्मिका मंदाना स्टारर फिल्म का ट्रेलर रिलीज होने के बाद मराठा समुदाय के लोगों ने एक डांस सीन को लेकर विरोध जताया था। इस पर महाराष्ट्र के मंत्री उदय सामंत ने फिल्म के मेकर्स को चेतावनी दी थी कि अगर फिल्म में कोई आपत्तिजनक सीन रखा गया तो वह इसे रिलीज नहीं होने देंगे।
ताजा जानकारी के अनुसार, भारी विरोध के बाद फिल्म के निर्माता और निर्देशक ने उस डांस सीन को हटा दिया है। इस पर मंत्री उदय सामंत ने खुशी जाहिर करते हुए फिल्म के निर्माता और निर्देशक को धन्यवाद दिया है।
फिल्म ‘छावा’ 14 फरवरी को रिलीज होने वाली है। यह एक पीरियड ड्रामा है, जिसमें विक्की कौशल छत्रपति संभाजी महाराज का किरदार निभा रहे हैं, जबकि रश्मिका मंदाना महारानी येसुबाई की भूमिका में हैं।
विवाद तब बढ़ा जब फिल्म के ट्रेलर में विक्की और रश्मिका को ‘लेजिम’ नामक पारंपरिक डांस के साथ नृत्य करते हुए दिखाया गया। मराठा समुदाय ने इस पर नाराजगी जताई, उनका कहना था कि इससे ऐतिहासिक तथ्यों के साथ छेड़छाड़ की गई है।
- Advertisement -
‘लेजिम’ एक पारंपरिक महाराष्ट्रिय साज है, जिसे राज्य की सांस्कृतिक धरोहर माना जाता है। मराठा समुदाय ने पुणे के ऐतिहासिक महल में विरोध दर्ज कराते हुए कहा था कि फिल्म छत्रपति संभाजी महाराज की गरिमा को कम करने का प्रयास कर रही है।