मणिपुर में जारी हिंसा को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्र और राज्य सरकार पर कड़ा हमला किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित करते हुए भाजपा की डबल इंजन सरकार पर राज्य में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने में नाकामी का आरोप लगाया। खरगे ने कहा कि मणिपुर में मई 2023 से अकल्पनीय दर्द, बंटवारा और हिंसा का माहौल है, जिससे राज्य के लोगों का भविष्य तबाह हो रहा है।
भाजपा पर बंटवारे की राजनीति का आरोप:
सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट करते हुए खरगे ने कहा, “आपकी डबल इंजन की सरकार में न मणिपुर एक है और न ही सेफ है। ऐसा प्रतीत होता है कि भाजपा जानबूझकर मणिपुर को जलने देना चाहती है, ताकि अपनी बंटवारे की राजनीति को बढ़ावा दे सके।”
जनता कभी माफ नहीं करेगी:
खरगे ने कहा कि मणिपुर में भाजपा सरकार पूरी तरह विफल रही है और राज्य के लोग इसे कभी माफ नहीं करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि 7 नवंबर से अब तक मणिपुर में 17 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि सीमावर्ती राज्य में हिंसा बढ़ती जा रही है। खरगे ने चेतावनी देते हुए लिखा, “अगर आप भविष्य में मणिपुर का दौरा करते हैं तो राज्य के लोग कभी भी आपको न माफ करेंगे और न ही भूलेंगे।”
हिंसा और आगजनी से मणिपुर में हाहाकार:
शनिवार को मणिपुर में हिंसा की आग फिर भड़क गई। गुस्साई भीड़ ने कई विधायकों के घरों में तोड़फोड़ और आगजनी की। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि भीड़ मुख्यमंत्री आवास तक पहुंचने की कोशिश करने लगी। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद हालात पर काबू पाया। रविवार को पुलिस ने हिंसा और आगजनी के आरोप में 23 लोगों को गिरफ्तार किया। राजधानी इंफाल में अगले आदेश तक कर्फ्यू लगा दिया गया है।
- Advertisement -
भाजपा पर आलोचना:
खरगे ने भाजपा को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि मणिपुर के लोगों का विश्वास भाजपा ने तोड़ा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को अब तुरंत मणिपुर में स्थायी समाधान निकालने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।

