

विजयपुर उपचुनाव 2024 में बुधवार को श्योपुर जिले की विजयपुर विधानसभा सीट पर मतदान सुबह 7 बजे से जारी है। सुबह 9 बजे तक 17.86 फीसदी वोटिंग दर्ज की गई। इस दौरान भाजपा प्रत्याशी रामनिवास रावत ने अपने गांव सुनवई में मतदान किया। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश मल्होत्रा को पुलिस कस्टडी में अपने गांव के मतदान केंद्र पर वोट डालने की अनुमति मिली। बताया गया है कि सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने उन्हें नजरबंद कर रखा है। हालांकि, पुलिस की ओर से इसके पीछे के कारण पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है।
कांग्रेस ने पुलिस कार्रवाई पर विरोध जताया है, इसे चुनाव आयोग का पक्षपातपूर्ण रवैया बताते हुए कहा है कि तनाव की स्थिति में केवल कांग्रेस प्रत्याशी को नजरबंद करना अनुचित है। अंधूपुरा पोलिंग बूथ पर भी कुछ मतदाताओं ने शिकायत की है कि उन्हें मतदान से रोका जा रहा है।
भाजपा प्रत्याशी के गांव सुनवई में पोलिंग बूथ पर कुछ युवकों ने जबरन वोट डालने का प्रयास किया, जिसे रोकने पर सुरक्षाकर्मियों और ग्रामीणों के बीच झड़प हो गई। इससे गांव में तनाव फैल गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।

विजयपुर विधानसभा सीट के लिए शाम 6 बजे तक मतदान जारी रहेगा। शुरुआती समय में पोलिंग बूथों पर कम संख्या में मतदाता पहुंचे थे, लेकिन 8 बजे के बाद से भीड़ में बढ़ोतरी देखी गई। सुबह 9 बजे तक महिलाओं का मतदान प्रतिशत 18.29 और पुरुषों का प्रतिशत 17.47 दर्ज किया गया।