


बीकानेर में बढ़ते नशे के खिलाफ नागरिकों ने आज “उड़ता बीकानेर नहीं बनने देंगे” के नारे के साथ कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। सर्वसमाज, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, नारी शक्ति, और समाज के कई प्रबुद्धजन इस विरोध में शामिल हुए। इस अवसर पर प्रतीकात्मक रूप से सिगरेट पर क्रॉस का चिन्ह लगाकर नशे के खिलाफ संदेश दिया गया, जबकि “नशा है शैतान, लेता है जान” जैसे स्लोगन वाले बैनर भी नजर आए।
महामंडलेश्वर सरजु महाराज ने युवाओं को जागरूक करते हुए कहा कि नशा युवा पीढ़ी के लिए घातक है, और हर बीकानेरी को इस मुहिम में शामिल होना चाहिए। वहीं, भगवान सिंह मेड़तिया ने पुलिस पर नशे की तस्करी में संलिप्तता का आरोप लगाते हुए कहा कि कार्रवाई से पहले ही जानकारी तस्करों तक पहुंचाई जा रही है और तैनात पुलिसकर्मियों को बदलने की मांग की।

अधिवक्ता गोवर्धन सिंह ने कहा कि हमें खुद भगत सिंह की तरह नशे के खिलाफ लड़ाई लड़नी होगी। वेद व्यास ने आंदोलन की चेतावनी देते हुए प्रशासन को अवगत कराया कि नशा विरोधी अभियान को जारी रखा जाएगा।