बीकानेर। खाद्य व नागरिक आपूर्ति विभाग राज्य में उपभोक्ताओं को मिलावटी खाद्य वस्तुएं बचने, किसी उत्पाद को लेकर धोखाधड़ी करने वाले दुकानदारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करने की तैयारी कर रहा है। गुरुवार को खाद्य व नागरिक आपूर्ति विभाग के प्रमुख सचिव भास्कर ए सावंत ने इस संबंध में अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि किसी भी जिले में किसी भी न्यायालय द्वारा दोषी पाए गए मिलावटखोर एवं धोखाधड़ी करने वाले दुकानदारों की दुकान के बाहर उनकी फोटो सहित दोष का बोर्ड बनवाकर जिला कलक्टर के माध्यम से लगवाया जाएगा। इससे प्रदेश में उपभोक्ताओं के साथ मिलावटखोरी और उत्पादों की धोखाधड़ी पर प्रभावी रोक लगने में मदद मिलेगी। सावंत ने बताया कि उपभोक्ताओं को उत्पादों के भ्रामक प्रचार से धोखाधड़ी से बचाने के लिए उपभोक्ता संरक्षण ऐप बनाएगा। किसी उत्पाद को लेकर धोखाधड़ी का शिकार होने पर वह इस ऐप के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज करा सकेगा। विभाग 15 मार्च से इस ऐप का सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर प्रचार-प्रसार शुरू करेगा।
राजस्थान में आए दिन खाद्य वस्तुओं में मिलावटखोरी की शिकायतें आती रहती हैं। कुछ दिन मामला गर्म रहता है लेकिन फिर वही हालात हो जाते हैं। खाद्य विभाग भी एक दो दिन कुछ कार्रवाई करता है लेकिन मिलावटखोरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं होती है। वहीं शुद्ध के लिए युद्ध अभियान भी प्रदेश में सिर्फ कागजी अभियान बन कर रह गया है। यह अभियान भी दीपावली या होली के त्यौहार पर ही चलता है और फिर पूरे साल मिलावट करने वाले व्यापारी मिलावटी खाद्य वस्तुएं बेचते हैं।

