बीकानेर। राजस्थान सरकार ने शुक्रवार रात अलग-अलग आदेश जारी कर 2 आईएएस और 10 RAS अफसरों के तबादले कर दिए। 1993 बैच के आईएएस अधिकारी शिखर अग्रवाल को मुख्यमंत्री का अतिरिक्त मुख्य सचिव लगाया गया है। वे वर्तमान में वन एवं पर्यावरण विभाग के एसीएस थे। इसी तरह जेडीए से एपीओ की गईं आईएएस नलिनी कठोतिया को अल्पसंख्यक मामलात विभाग के निदेशक पद पर नियुक्ति दी गई है। 10 आरएएस अफसरों के भी तबादले किए गए हैं। इन अफसरों को मुख्यमंत्री कार्यालय, डिप्टी सीएम और पांच मंत्रियों के यहां विशिष्ट सहायक लगाया गया है।
उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी के विशिष्ट सहायक गोपाल सिंह और उपमुख्यमंत्री प्रेम चंद बैरवा के विशिष्ट सहायक सावन कुमार चायल को भी सरकार ने हटा दिया है। दोनों अधिकारियों को एपीओ किया गया है। इनकी जगह यहां नए विशिष्ट सहायक लगाए गए हैं। इसके अलावा आरएएस अफसर शाहीन अली खान, अजय असवाल और गौरव बजाड़ को भी एपीओ किया गया है।

