बीकानेर। सीएम से मिलकर बात करेंगे भाटी, बोले- अधिकारी कांग्रेस नेताओं के इशारे पर काम कर रहे
केंद्र में तो पहले से भाजपा की सरकार है। प्रदेश में भी भाजपा की सरकार बन गई है। योजनाओं का लाभ आम नागरिकों को दिलाएं यह सरकार और जन प्रतिनिधियों का मूल दायित्व है। इसी मुद्दे को लेकर बीकानेर के जनाधार वाले भाजपा नेताओं में शुमार पूर्व मंत्री देवी सिंह भाटी से बात की। बातचीत में उन्होंने केंद्रीय सेवाओं में भी ईडब्ल्यूएस लागू किए जाने और प्रदेश की नौकरशाही पर अंकुश लगाने का मुद्दा उठाया।
बातचीत में भाटी ने कहा कि लंबे संघर्ष के बाद ईडब्ल्यूएस के लिए आरक्षण का दर्जा हासिल हुआ है। यह राज्यों में लागू हो भी गया है मगर केन्द्रीय सेवाओं में अभी इसे पूरी तरह लागू नहीं किया गया। इसे लागू करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी से मांग करेंगे। प्रदेश में अभी भी नौकरशाही की मनमानी चल रही है। आज भी कांग्रेस नेताओं की सिफारिशें चल रही हैं। अवैध खनन, अवैध रॉयल्टी वसूली में अगर कोई पकड़ा जाए तो चोरी छुपे कांग्रेस नेताओं की सिफारिशों पर अधिकारी गुनहगारों को छोड़ रहे हैं। सीएम को अवगत कराएंगे।

