


बीकानेर। बीकानेर में सर्दी का अहसास अब बढ़ता जा रहा है। न्यूनतम तापमान में जहां लगातार कमी आ रही है, वहीं दोपहर भी अब सर्द है। आने वाले दिनों में बीकानेर में तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी रहेगा, लेकिन बारिश की फिलहाल कोई आशंका नहीं है। मौसम विभाग ने 12 दिसम्बर तक प्रदेश में कहीं भी बारिश नहीं होने की जानकारी दी है।
पिछले चार-पांच दिन से ही बीकानेर में तापमान में गिरावट का सिलसिला शुरू हुआ है जो अब तक जारी है। न्यूनतम तापमान एक दिन पहले तक 12 डिग्री सेल्सियस था, जो अब घटकर 10.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। इसी तरह अधिकतम तापमान बुधवार को 26.1 डिग्री सेल्सियस रहा। जो सामान्य से कम है। कई दिनों से तापमान सामान्य से कम ही रहा है। मौसम विभाग की मानें तो 12 दिसम्बर तक बीकानेर में बारिश की कोई संभावना नहीं है। फिलहाल पश्चिमी विक्षोभ का कोई असर नहीं दिख रहा है।
कोहरे से निजात

बीकानेर में कोहरे से भी निजात मिल चुकी है। पिछले कई दिनों से दिन में कोहरा नहीं है। सुबह में आसमान बिल्कुल साफ रहता है। रात में भी कोहरा नहीं रहता। ऐसे में दुर्घटनाओं में भी कमी आई है। इससे पहले कोहरे के कारण श्रीडूंगरगढ़ और श्रीडूंगरगढ़ से जुड़े चूरू के गांवों में हादसे हो चुके हैं।