


बीकानेर। बीकानेर के तापमान में लगातार गिरावट आ रही है, ऐसे में सर्दी के तेवर भी तल्ख होते जा रहे हैं। अब तक दोपहर में गर्मी का अहसास था लेकिन धीरे-धीरे दोपहर में भी हवाओं की ठंडक बढ़ती जा रही है। जिले में न्यूनतम तापमान घटकर अब महज 12.4 डिग्री सेल्सियस रह गया है। आने वाले दिनों में पारा और कम हो सकता है। दिसम्बर के अंतिम सप्ताह में सर्दी अपने परवान पर होगी।
मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक बीकानेर में मंगलवार को अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस ही रहा। अधिकतम और न्यूनतम दोनों ही तापमान में अब कमी आ रही है। न सिर्फ बीकानेर बल्कि संभाग के श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू में भी तापमान में गिरावट आई है। श्रीगंगानगर में न्यूनतम पारा 11, चूरू में 9.2 और हनुमानगढ़ के संगरिया में 9.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। चूरू में पारा सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम हो गया है। आमतौर पर यहां 11 डिग्री सेल्सियस तक न्यूनतम तापमान इन दिनों में होता है लेकिन इस बार कम है।

- Advertisement -
उधर, बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान मिचांग का राजस्थान में असर नहीं होगा। राज्य के अधिकांश भागों में आगामी एक सप्ताह मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की प्रबल संभावना है। हालांकि कोटा संभाग व आसपास के क्षेत्रों में कल भी बादल छाए रहने की संभावना है। बीकानेर संभाग में इस तूफान से कोई असर नहीं पड़ेगा।