बीकानेर। समीपवर्ती अरजनसर कस्बे में गुरुवार रात को अज्ञात चोरों ने एक घर में घुसकर लाखों के गहनों सहित नगदी पर हाथ साफ कर लिया। वारदात की जानकारी मिलने पर महाजन पुलिस मौके पर पहुंची व घटना स्थल का मौका मुआयना किया।महाजन पुलिस ने बताया कि अरजनसर निवासी ग्राम सेवा सहकारी समिति के उपाध्यक्ष रामप्रताप मेघवाल के घर में देर रात को अज्ञात चोर घुस गए। चोरों ने घर का मुख्य द्वार बंद कर दिया। बाद में आलमारी, संदूक आदि के ताले तोडकऱ करीब दस तोला से ज्यादा सोने के गहने व हजारों रुपए की नगदी चोरी कर ली। मजे की बात यह है कि चोरों ने घर में रखे चांदी के गहने घर की छत पर फेंक दिए। भाजपा नेता शिवरतन शर्मा ने बताया कि रामप्रताप मेघवाल का शुक्रवार को एग्जाम था। इस कारण वह रात करीब 12 बजे तक पढ़ाई कर रहा था। सुबह करीब पांच बजे वह उठा तो उसे वारदात का पता चला। वारदात की जानकारी महाजन पुलिस को दी गई। सूचना के बाद महाजन सीआई गणेश कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लेकर चोरों की तलाश शुरू की है। दूसरी तरफ कस्बे में चोरी की वारदात होने से आमजन दहशत में है। लोगों ने राजमार्ग व कस्बे में पुलिस गस्त प्रभावी करने की मांग उठाई है।

