


जयपुर। राजस्थान में यूथ कांग्रेस के चुनाव और मेम्बरशिप की प्रक्रिया एक बार फिर शुरू होने जा रही है। राजस्थान में 11 जनवरी से यूथ कांग्रेस की मेम्बरशिप शुरू होने जा रही है। प्रदेश में जुलाई 2020 से ही यूथ कांग्रेस की कार्यकारिणी रद्द है। ऐसे में मेम्बरशिप की यह प्रक्रिया शुरू होने के बाद अगले दो महीने में कांग्रेस को यूथ कांग्रेस का नया अध्यक्ष और पूरी कार्यकारिणी मिल सकती है। इसके लिए प्रदेश में युवा नेताओं के बीच जद्दोजहद शुरू हो गई है।
इस बार कांग्रेस ने यूथ कांग्रेस के चुनाव के लिए वन पर्सन वन पोस्ट का फार्मूला रखा है। उदयपुर में हुए चिंतन शिविर के संकल्प को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। ऐसे में जो भी यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता किसी पद के लिए नामांकन भरेंगे उन्हें पुराने पद से इस्तीफा देना पड़ेगा। हालांकि राजस्थान में चूंकी कार्यकारिणी भंग हो चुकी है ऐसे में सभी नेता निर्वतमान पदों पर ही हैं।
पूरा प्रोसेस होगा ऑनलाइन, चार पदों के लिए पड़ेंगे वोट
यूथ कांग्रेस की मेम्बरशिप और चुनाव का पूरा प्रोसेस इस बार ऑनलाइन ही होगा। डिजिटली एप के माध्यम से ही नए कार्यकर्ता यूथ कांग्रेस से जुड़ेंगे और उसके बाद वे ऑनलाइन ही अपने कैंडिडेट के लिए वोट करेंगे। इस बार चार पदों के लिए वोट पड़ेंगे। इनमें प्रदेशाध्यक्ष, प्रदेश महासचिव, जिलाध्यक्ष और विधानसभा अध्यक्ष शामिल हैं। इस बार जिला महासचिव के पद के लिए वोटिंग हटा दी गई है।
- Advertisement -

8 सैकंड के वीडियो से बनेंगे मेम्बर
यूथ कांग्रेस का सदस्य बनने के लिए इस बार वीडियो को जरूरी कर दिया गया है। जो भी मेम्बर बनेगा उसे अपना 8 सैकंड का वीडियो डालना होगा। इससे पहले तक इसके लिए सेल्फी की जरुरत हुआ करती थी। मगर इस बार से इसे 8 सैकंड के वीडियो में कन्वर्ट कर दिया गया है। वोटर आईडी कार्ड के माध्यम से मेम्बर इसमें जुड़ेंगे।