


बीकानेर । नोखा के मैयासर में सडक़ पर अचानक हिरण आ जाने से एक बाइक अनियंत्रित हो गई। हादसे में बाइक सवार दो महिलाएं घायल हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मैयासर से एक बाइक पर सवार होकर दो महिलाएं और एक पुरुष मुकाम अस्पताल आ रहे थे। इस दौरान अचानक सडक़ पर हिरण आ गया। जिस कारण बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसे में बाइक पर सवार मैयासर निवासी वृद्ध महिला रूखमादेवी मेघवाल और सोनादेवी घायल हो गए। जिन्हें घायल अवस्था में बागड़ी अस्पताल लाया गया। जहां पर महिलाओं का उपचार किया गया। वृद्ध महिला रूखमादेवी मेघवाल के पैर पर गंभीर चोट आई है। बाइक पर सवार तीनों मुकाम अस्पताल में तबीयत खराब होने के कारण दिखाने जा रहे थे। इस दौरान यह हादसा हो गया।
