राजस्थान में बुधवार को भी मौसम दोहरे रंग में नजर आएगा। मौसम विभाग ने प्रदेश के कुछ जिलों में आंधी और बारिश, जबकि कई इलाकों में हीटवेव की चेतावनी जारी की है। चार जिलों के लिए बारिश और छह जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मंगलवार को श्रीगंगानगर लगातार दूसरे दिन देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। चूरू, बीकानेर, फलोदी और जैसलमेर में भी पारा 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। वहीं हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर से सटे क्षेत्रों में दोपहर बाद मौसम ने करवट ली। तेज हवाओं के साथ कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। खराब मौसम के कारण दिल्ली आने वाली दो उड़ानों को जयपुर डायवर्ट करना पड़ा।
मौसम विभाग के अनुसार 11 जून से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिससे राज्य में मौसम गतिविधियां बढ़ेंगी। 11 से 14 जून के बीच बीकानेर, जयपुर, अजमेर और भरतपुर संभाग के कई हिस्सों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने, गरज-चमक के साथ बारिश होने और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है।
