बीकानेर के नयाशहर थाना क्षेत्र स्थित सोनगिरी कुआं इलाके में देर रात हुई चाकूबाजी की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घर लौट रहे एक युवक पर कुछ लोगों ने कथित रूप से चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल युवक की पहचान सोनगिरी कुआं निवासी इरफान पुत्र कुदरत अली चौहान के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग उसे तुरंत पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार हमले में युवक के हाथ और पैर पर गंभीर चोटें आई हैं। घायल पक्ष ने पड़ोस में रहने वाले दानिश मोईन पर हमले का आरोप लगाया है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
