बीकानेर शहर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं के बीच एमडीवी कॉलोनी स्थित एक सूने मकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस के अनुसार एमडीवी कॉलोनी निवासी धर्मेश कुमार ओझा पुत्र ओमप्रकाश ओझा ने नयाशहर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। शिकायत में बताया गया कि 4 जून को अज्ञात चोर उनके चाचा के बंद मकान के ताले तोड़कर अंदर घुस गए और घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण, नकदी तथा अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
घटना का पता चलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई सुनीता यादव को सौंपी गई है।
गौरतलब है कि नयाशहर और मुक्ताप्रसाद थाना क्षेत्रों में लगातार हो रही चोरी की वारदातों से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ रही है। लोग पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग कर रहे हैं।
