राजस्थान सरकार ने भीषण गर्मी को देखते हुए राज्य के सरकारी और निजी स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश सात दिन बढ़ाने का फैसला किया है। शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार अब स्कूलों में 20 जून के बजाय 28 जून तक अवकाश रहेगा, जबकि विद्यार्थियों के लिए स्कूल 29 जून से खुलेंगे।
पहले घोषित अवकाश अवधि 20 जून तक थी और 21 जून रविवार होने के कारण स्कूल 22 जून से शुरू होने थे। हालांकि लगातार बढ़ते तापमान और शिक्षक संगठनों की मांग को देखते हुए सरकार ने छुट्टियां बढ़ाने का निर्णय लिया है।
नए आदेश के अनुसार इस वर्ष स्कूलों में कुल 43 दिनों का ग्रीष्मकालीन अवकाश रहेगा। साथ ही विद्यालय प्रधानाचार्यों को आवश्यकता अनुसार दो दिन तक अतिरिक्त अवकाश घोषित करने का अधिकार भी दिया गया है। इससे पहले यह सीमा घटाकर एक दिन कर दी गई थी।
गौरतलब है कि 22 मई को जयपुर में शिक्षक संघ (राष्ट्रीय) के प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा मंत्री मदन दिलावर से मुलाकात कर अवकाश अवधि बढ़ाने की मांग रखी थी। शिक्षा मंत्री द्वारा सकारात्मक आश्वासन दिए जाने के बाद शिक्षा विभाग ने प्रस्ताव तैयार किया, जिसे शासन सचिव की स्वीकृति मिलने के बाद आदेश जारी कर दिया गया।
