बीकानेर के रेल यात्रियों की सुविधाओं में वृद्धि और क्षेत्र में रेल सेवाओं के विस्तार को लेकर जेडआरयूसीसी सदस्य नरेश मित्तल, अनन्तवीर जैन, डीआरयूसीसी सदस्य द्वारकाप्रसाद पचीसिया तथा लूणकरण सेठिया ने उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक को मांग पत्र भेजा है। इसमें नई ट्रेनों के संचालन, मौजूदा सेवाओं के विस्तार और रेलवे लाइनों के दोहरीकरण की मांग की गई है।
प्रतिनिधियों ने बीकानेर से मुंबई के लिए वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शुरू करने की मांग करते हुए कहा कि इससे उद्योग, व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही बीकानेर और छत्तीसगढ़ के यात्रियों की सुविधा के लिए बीकानेर से गेवरा रोड तक नई ट्रेन चलाने का भी प्रस्ताव रखा गया है।
मांग पत्र में बीकानेर-हरिद्वार त्रि-साप्ताहिक ट्रेन को दैनिक करने, बीकानेर से कालका वाया चंडीगढ़ सीधी रेल सेवा शुरू करने और बीकानेर-प्रयागराज ट्रेन को प्रतिदिन संचालित करने की मांग भी शामिल है। इसके अलावा बाड़मेर-ऋषिकेश ट्रेन में अतिरिक्त कोच जोड़कर यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए इसकी क्षमता बढ़ाने का सुझाव दिया गया है।
रेल अवसंरचना के विकास के तहत बीकानेर-भटिंडा, बीकानेर-दिल्ली, बीकानेर-मेड़ता तथा बीकानेर-जयपुर (वाया चूरू-फतेहपुर) रेल मार्गों के दोहरीकरण की भी मांग उठाई गई है। वहीं, बीकानेर-मदुरै एक्सप्रेस को रामेश्वरम तक विस्तार देने का प्रस्ताव भी रेलवे प्रशासन के समक्ष रखा गया है।
- Advertisement -
प्रतिनिधियों का कहना है कि इन मांगों के पूरा होने से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र के आर्थिक एवं पर्यटन विकास को नई गति मिलेगी।
