उत्तर-पश्चिम रेलवे के बीकानेर मंडल ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के शुरुआती दो महीनों में आय और यात्री संख्या दोनों में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है। मई माह तक मंडल की कुल आय 239.85 करोड़ रुपये पहुंच गई, जो पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि के 219.80 करोड़ रुपये की तुलना में 9.12 प्रतिशत अधिक है।
रेलवे द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार आरक्षित और अनारक्षित टिकटों की बिक्री से मई 2026 तक 110.37 करोड़ रुपये की आय हुई, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह आय 93.20 करोड़ रुपये थी। इस श्रेणी में 18.42 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
मालभाड़ा परिवहन से मई माह तक 101.15 करोड़ रुपये की आय प्राप्त हुई, जबकि अन्य कोचिंग सेवाओं से 14.57 करोड़ रुपये का राजस्व मिला। वहीं अन्य विविध स्रोतों से आय में सबसे अधिक बढ़ोतरी देखने को मिली है। इस मद में आय बढ़कर 13.76 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वर्ष की 7.23 करोड़ रुपये की तुलना में 90.32 प्रतिशत अधिक है।
यात्रियों की संख्या में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। मई 2026 तक बीकानेर रेल मंडल में 82.49 लाख यात्रियों ने यात्रा की, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह संख्या 77.03 लाख थी। इस प्रकार यात्री संख्या में 7.09 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
- Advertisement -
रेलवे अधिकारियों के अनुसार मई माह में सवारी गाड़ियों की समयपालनता 95.17 प्रतिशत रही, जो बेहतर संचालन और यात्री सुविधाओं के प्रति मंडल की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। रेलवे प्रशासन का कहना है कि यात्रियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
