बीकानेर के लूणकरणसर क्षेत्र के गारबदेसर गांव स्थित राजकीय सीनियर सेकेंडरी विद्यालय में तेज आंधी और बारिश के दौरान एक कमरे की छत ढह गई। यह घटना बुधवार देर रात की है, जिसमें कमरे के भीतर रखा फर्नीचर भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
सौभाग्य से स्कूल में ग्रीष्मावकाश होने के कारण उस समय कोई विद्यार्थी मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। ग्रामीणों के अनुसार, रात करीब 11 बजे आए तूफान के दौरान भवन की छत अचानक गिर गई। सुबह जब लोग स्कूल पहुंचे तो पूरी घटना का पता चला, जिसके बाद शिक्षा विभाग और प्रशासन को सूचना दी गई।
जानकारी के अनुसार, स्कूल के बड़े हॉल में लगी लगभग 60 पट्टियों में से करीब 17 पट्टियां भी टूटकर गिर गईं। इसी हॉल में सामान्य दिनों में दसवीं कक्षा के 40 से अधिक विद्यार्थी पढ़ाई करते हैं। घटना के बाद भवन की स्थिति और रखरखाव को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
हैरानी की बात यह है कि हाल ही में शिक्षा विभाग द्वारा किए गए भवन ऑडिट में इस विद्यालय को जर्जर भवनों की सूची में शामिल नहीं किया गया था। अधिकारियों ने अब मामले की जांच शुरू कर दी है और भवन की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा रहा है।
- Advertisement -
स्थानीय प्रशासन और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर जांच रिपोर्ट तैयार करने की बात कही है। साथ ही ग्रामीणों ने क्षेत्र के अन्य पुराने स्कूल भवनों की भी सुरक्षा जांच कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
